loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 37°C
Breaking News

चंडीगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोल्डी ढिल्लों गैंग के तीन गुर्गे गिरफ्तार

भारत इंफो : चंडीगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके तीन कथित गुर्गों को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आरोपियों को विदेशी हथियारों और कारतूसों सहित दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया है।

जम्मू के सांबा जिले के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हैप्पी चिब (20), राहुल कुमार (24) और वंश शर्मा (19) के रूप में हुई है। तीनों जम्मू के सांबा जिले के निवासी हैं और कथित तौर पर गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के संपर्क में थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप्लीकेशन के जरिए गोल्डी ढिल्लों से जुड़े हुए थे और उन्हें विदेश से सीधे निर्देश मिल रहे थे।

गुप्त सूचना के बाद बिछाया गया जाल
एसपी मनजीत के अनुसार ऑपरेशन सेल को खुफिया सूचना मिली थी कि गोल्डी ढिल्लों गैंग के तीन सदस्य ऑटोमैटिक पिस्टलों से लैस होकर चंडीगढ़ और ट्राइसिटी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया और मुल्लांपुर क्षेत्र से चंडीगढ़ में प्रवेश करने वाले मार्ग पर विशेष निगरानी और नाकेबंदी की।

डिजिटल नेटवर्क की भी होगी जांच
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान गैंग के नेटवर्क, संपर्कों और भविष्य की योजनाओं से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को किस प्रकार की वारदात को अंजाम देने के निर्देश दिए गए थे और उनके संपर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *