loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

जालंधर में AAP का प्रदर्शन, भाजपा-अकाली दल पर साधा निशाना

भारत इंफो : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़ी कथित वायरल वीडियो को लेकर प्रदेश की राजनीति में विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माता शीतला मंदिर के पास भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।

विपक्ष पर फर्जी प्रचार फैलाने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान AAP नेता चंदन ग्रेवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा और अकाली दल कथित तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए तैयार की गई तस्वीरों और सामग्री का इस्तेमाल कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जानबूझकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ गलत प्रचार कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।

सरकार की उपलब्धियों का किया उल्लेख
चंदन ग्रेवाल ने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए इस तरह के विवाद खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भगवंत मान सरकार ने अपने अधिकांश चुनावी वादों को पूरा किया है। नशे के खिलाफ कार्रवाई, शिक्षा क्षेत्र में सुधार और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर महीने एक-एक हजार रुपये देने की योजना भी अगले महीने से शुरू की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता सरकार के कामकाज को देखकर सही फैसला करेगी।

वीडियो को लेकर सरकार पहले ही दे चुकी है सफाई
गौरतलब है कि हाल ही में वायरल हुई कथित वीडियो को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा पहले ही अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। दोनों नेताओं का कहना है कि वीडियो फर्जी है और इसकी जांच पंजाब के बाहर स्थित दो प्रयोगशालाओं से भी करवाई गई है। सरकार का दावा है कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री नहीं है और विपक्ष बेबुनियाद आरोप लगा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *