loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 42°C
Breaking News

चंडीगढ़ मर्डर केस के आरोपी एनकाउंटर में घायल, भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की कार्रवाई

भारत इंफो : चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को चंडीगढ़ लाते समय पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। आरोप है कि दोनों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हें गोली मारकर दोबारा काबू कर लिया।

सेक्टर-25 के जंगल क्षेत्र के पास हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार तड़के सेक्टर-25 स्थित जंगल क्षेत्र के पास हुई। सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच आरोपियों ने फरार होने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

ऑपरेशन की कमान ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर हरिंदर और क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर नरेंद्र पटेल के नेतृत्व में संभाली गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी सन्नी मेहरा को दो गोलियां लगीं, जबकि दूसरे आरोपी आर्यन को एक गोली लगी। दोनों के पैरों में गोली लगने की जानकारी सामने आई है।

अस्पताल में भर्ती कराए गए दोनों आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीमों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है और मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

लापरवाही पर 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड
वहीं मर्डर केस में बीते दिन में चंडीगढ़ पुलिस ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को भी निलंबित कर दिया है। सस्पेंड किए गए कर्मियों में थाना-11 के एसआई बचित्तर सिंह, लेडी कांस्टेबल सुमन, पुलिस पोस्ट लेक पर तैनात सीनियर कांस्टेबल रॉबिन, थाना-3 की लेडी कांस्टेबल दीक्षा और आईटी पार्क थाना की सीनियर लेडी कांस्टेबल जसपाल कौर शामिल हैं।

पुलिस लाइन में लगानी होगी हाजिरी
निलंबन के बाद सभी पुलिसकर्मियों को सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग की ओर से मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई और उसकी जिम्मेदारी किसकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *