भारत इंफो : अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दोनों देशों ने अंतरिम शांति समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इस समझौते से संबंधित समझौता ज्ञापन (MoU) पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार रात फ्रांस के ऐतिहासिक वर्साय पैलेस में हस्ताक्षर किए। इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी मौजूद रहे।
ईरान के राष्ट्रपति ने इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से किए हस्ताक्षर
अमेरिकी राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने भी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से समझौते को मंजूरी दी। भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 5:30 बजे इस समझौते की आधिकारिक घोषणा की गई, जिसके साथ ही शांति समझौता प्रभावी हो गया।
युद्ध और क्षेत्रीय संघर्ष समाप्त करने पर सहमति
समझौते के तहत ईरान में जारी युद्ध को समाप्त करने तथा लेबनान में चल रहे संघर्ष को खत्म करने पर सहमति बनी है। इसके अलावा वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने तथा अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने का भी प्रावधान शामिल किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम से पहले हुई हस्ताक्षर प्रक्रिया
इस शांति समझौते पर मूल रूप से 19 जून को स्विट्जरलैंड के लूसर्न शहर में हस्ताक्षर किए जाने थे। हालांकि तय कार्यक्रम से एक दिन पहले ही फ्रांस के वर्साय पैलेस में दोनों पक्षों ने समझौते को अंतिम रूप देते हुए हस्ताक्षर कर दिए। इस समझौते को क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।