भारत इंफो : पंजाब के फगवाड़ा से एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां फगवाड़ा की एसपी माधवी शर्मा के घर पर ही चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। अज्ञात लोगों ने घर से सोने और डायमंड के कीमती गहने, हज़ारों रुपये की भारतीय करंसी और कैनेडियन डॉलर पर हाथ साफ किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के घर हुई इस घटना ने सुरक्षा पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सदर फगवाड़ा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
महिला होमगार्ड पर शक की सुई
इस हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में घर पर ही सुरक्षा के लिए तैनात एक महिला होमगार्ड संदेह के घेरे में आ गई है। एसपी माधवी शर्मा की माता संतोष कुमारी ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी फगवाड़ा में बतौर एसपी तैनात है। उनके घर पर मनजीत कौर नाम की एक महिला होमगार्ड ड्यूटी करती है, जिसका रूटीन समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक का है। लंबे समय से घर में काम करने और लगातार आने-जाने की वजह से परिवार का उस पर काफी विश्वास बन गया था।
अटैची चेक करने पर हुआ चोरी का खुलासा
शिकायतकर्ता संतोष कुमारी के अनुसार, जब उन्होंने घर में रखा अपना अटैची चेक किया तो उनके होश उड़ गए। अटैची में रखे 20 हजार रुपये नकद, सोने की 4 चेन, 3 अंगूठियां, एक जोड़ा टॉप्स, 2 डायमंड के पेंडेंट और 200 कैनेडियन डॉलर गायब थे। चोरी का पता चलते ही जब उन्होंने तुरंत महिला होमगार्ड मनजीत कौर से पूछताछ की, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई और घबरा गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
महिला होमगार्ड के इस रवैये के बाद संतोष कुमारी को पूरा यकीन हो गया कि चोरी की इस वारदात को मनजीत कौर ने ही अंजाम दिया है। इस शिकायत के आधार पर फगवाड़ा पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक किसी भी पुलिस अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर महिला होमगार्ड की गिरफ्तारी या उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।