loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 32°C
Breaking News

जालंधर समेत पंजाब में झमाझम बारिश, गर्मी से राहत; आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत इंफो : जालंधर सहित पंजाब के कई जिलों में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लंबे समय से पड़ रही गर्मी का असर कम होता नजर आया।

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 मई को पंजाब के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने राज्य के लिए आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

रविवार से फिर बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव समाप्त होने के बाद रविवार से मौसम एक बार फिर बदल सकता है। इसके चलते तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि शुक्रवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में करीब 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद दक्षिण-पश्चिमी पंजाब के कुछ इलाकों में गर्मी का असर बना रहा।

अधिकांश जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, संगरूर, पटियाला, मानसा, बठिंडा, मुक्तसर, फाजिल्का, फिरोजपुर, फरीदकोट और बरनाला समेत राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *