loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

पंजाब निकाय चुनाव में AAP की बड़ी जीत, 800 से ज्यादा वार्डों में कब्जा

भारत इंफो : पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के चुनावों की मतगणना के बीच आम आदमी पार्टी ने बड़ा प्रदर्शन किया है। सुबह 8 बजे से जारी काउंटिंग में AAP ने 818 से ज्यादा वार्डों में जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। वहीं कांग्रेस दूसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार तीसरे नंबर पर हैं।

शाम साढ़े 5 बजे तक आए नतीजों के अनुसार AAP 824 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। कांग्रेस को 329 सीटें मिली हैं, जबकि अकाली दल 161 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। भाजपा को 123 सीटें मिली हैं और अन्य उम्मीदवारों ने 236 सीटों पर कब्जा जमाया है।

कपूरथला नगर निगम में कांग्रेस का दबदबा
कपूरथला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल कर लिया है। 50 वार्डों वाले निगम में कांग्रेस ने 28 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं AAP को यहां केवल 10 वार्डों में सफलता मिली। इसके अलावा अकाली दल को 2 सीटें, भाजपा को 3 सीटें और अन्य उम्मीदवारों को 2 सीटों पर जीत मिली है। राजनीतिक हलकों में कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह की रणनीति और प्रभाव को इस जीत का बड़ा कारण माना जा रहा है।

मोहाली में कांग्रेस नेता के बेटे को हार
मोहाली नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को एक बड़ा झटका भी लगा है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. बलबीर सिंह सिद्धू के बेटे कुंवरदीप सिंह को वार्ड नंबर 10 से हार का सामना करना पड़ा। कुंवरदीप सिंह को निर्दलीय उम्मीदवार परमजीत सिंह काहलों ने 131 वोटों से हराया। इस नतीजे को मोहाली की राजनीति में अहम माना जा रहा है।

AAP को मिल रहा शहरी क्षेत्रों में समर्थन
निकाय चुनावों के नतीजों से साफ हो रहा है कि शहरी क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी को अच्छा समर्थन मिला है। हालांकि कुछ नगर निगमों और नगर कौंसिलों में कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी मजबूत प्रदर्शन किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन चुनावी नतीजों का असर आने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर भी दिखाई दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *