loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

मोहाली में दादा-दादी के सामने से 4 साल की बच्ची अगवा, CCTV में कैद हुई वारदात

भारत इंफो : मोहाली में दिनदहाड़े साढ़े चार साल की बच्ची को उसके दादा-दादी के सामने से अगवा करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सरेआम बच्ची को जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि बच्ची अपने दादा-दादी के साथ स्कूटी पर जा रही थी। इसी दौरान दो युवक बाइक पर पहुंचे और बच्ची को छीनने की कोशिश करने लगे। अचानक हुए हमले में स्कूटी सड़क पर गिर गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में आए युवक बच्ची को उठाकर ले गए बाइक सवार युवकों के पीछे एक कार भी पहुंची। कार से कुछ युवक बाहर निकले और बच्ची को जबरन उठाकर गाड़ी में बैठा लिया।

दादा-दादी ने बच्ची को छुड़ाने की कोशिश की
दादा-दादी ने बच्ची को छुड़ाने की कोशिश की और कार के आगे लटक गए, लेकिन आरोपी उन्हें घसीटते हुए मौके से फरार हो गए। घटना में बच्ची के दादा-दादी घायल हो गए। बच्ची के पिता ने बताया कि मां की जांघ और पिता की बाजू में फ्रैक्चर आया है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बच्ची को किया बरामद
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सदर थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर सिमरन सिंह ने बताया कि इस मामले में बच्ची की मां समेत अन्य लोगों के खिलाफ किडनैपिंग का केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *