भारत इंफो : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के मुख्य प्रशासक संदीप कुमार को जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में तलब किया है। उन्हें जरूरी दस्तावेजों और रिकॉर्ड के साथ पेश होने के निर्देश दिए गए थे। सूत्रों के अनुसार संदीप कुमार के स्टाफ ने भी ईडी ऑफिस पहुंचना शुरू कर दिया है और उनके पास कई अहम फाइलें मौजूद थीं।
Suntec City और Aldus Estate प्रोजेक्ट्स जांच के घेरे में
बताया जा रहा है कि ईडी Suntec City और Aldus Estate Builders से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स की जांच कर रही है। जांच के दौरान CLU यानी चेंज ऑफ लैंड यूज की मंजूरी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित प्रोजेक्ट्स को किन आधारों पर मंजूरी दी गई और क्या नियमों का पूरी तरह पालन किया गया था।
जमीन खरीद और मास्टर प्लान बदलाव की जांच
ईडी इको सिटी-3 समेत मुल्लांपुर क्षेत्र की कई विकास परियोजनाओं के लिए खरीदी गई जमीनों के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। एजेंसी जमीन खरीद, मास्टर प्लान में बदलाव और निजी बिल्डरों को कथित तौर पर लाभ पहुंचाने के आरोपों की जांच कर रही है।
हाल ही में कई ठिकानों पर हुई थी रेड
यह समन 8 और 9 मई को मोहाली, खरड़, न्यू चंडीगढ़ और चंडीगढ़ में रियल एस्टेट कंपनियों के 12 ठिकानों पर हुई ईडी की छापेमारी के बाद जारी किया गया था। जांच एजेंसी को शक है कि न्यू चंडीगढ़ मास्टर प्लान के तहत कुछ जमीनों के उपयोग में बदलाव कर निजी बिल्डरों को फायदा पहुंचाया गया।