loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 32°C
Breaking News

लंबे इंतजार के बाद शुरू हुई हलवारा एयरपोर्ट की फ्लाइट्स, कारोबारियों को बड़ी राहत

भारत इंफो : आखिरकार पंजाब के लुधियाना को अपना एयरपोर्ट मिल गया है। शुक्रवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट हलवारा एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इसके साथ ही हलवारा एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा की शुरुआत हो गई है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 फरवरी को वर्चुअल माध्यम से एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था, लेकिन शेड्यूल में कई बदलावों के बाद अब फ्लाइट संचालन शुरू हो पाया है।

रोजाना संचालित होंगी दो फ्लाइट्स
एयर इंडिया अब हलवारा और दिल्ली के बीच रोजाना दो फ्लाइट्स संचालित करेगी। यात्रियों को अब लुधियाना और आसपास के इलाकों से सीधे दिल्ली पहुंचने की सुविधा मिलेगी। दिल्ली से हलवारा तक का सफर करीब 1 घंटा 15 मिनट में पूरा होगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार यात्रियों को अपनी फ्लाइट से कम से कम 90 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा। तय समय के बाद किसी भी यात्री को एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

पहली फ्लाइट में शामिल रहे कई नेता और यात्री
शुक्रवार सुबह दिल्ली से हलवारा पहुंची पहली फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू, राज्यसभा सांसद राजिंदरा गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी समेत भाजपा के कई नेता और आम यात्री सवार थे। वहीं हलवारा से दिल्ली रवाना हुई फ्लाइट में भी बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर पहली उड़ान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कारोबार और उद्योग को मिलेगा बड़ा फायदा
नई एयर कनेक्टिविटी शुरू होने से लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर होजरी और उद्योग कारोबार से जुड़े व्यापारियों को दिल्ली के जरिए मुंबई, कोलकाता और अन्य बड़े शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी।उद्योगपतियों का मानना है कि हलवारा एयरपोर्ट शुरू होने से व्यापार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पंजाब की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *