loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 25°C
Breaking News

लद्दाख में चुनाव बहिष्कार का ऐलान, तीन संगठनों ने बंद का किया आह्वान

सर्दियों में चुनाव कराने पर जताई नाराजगी

भारत इंफो, लेह

लद्दाख में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर विरोध तेज हो गया है। तीन प्रमुख संगठनों ने सर्दियों के दौरान चुनाव कराने के फैसले पर आपत्ति जताते हुए चुनाव बहिष्कार और बंद का ऐलान किया है। संगठनों का कहना है कि कड़ाके की ठंड और प्रतिकूल मौसम के बीच चुनाव कराना स्थानीय लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।

तीनों संगठनों की बैठक लेह में हुई, जिसमें नंबरदार एसोसिएशन के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से समर्थन दिया गया। लद्दाख बौद्ध एसोसिएशन के अध्यक्ष चेरिंग दोरजे लकरूक के अनुसार, करीब 70 नंबरदारों ने चुनाव बहिष्कार का प्रस्ताव रखा था। उनका तर्क है कि सर्दियों में बड़ी संख्या में लोग लद्दाख से दूसरे क्षेत्रों में चले जाते हैं, जिससे मतदान प्रभावित हो सकता है।

लकरूक ने यह भी सवाल उठाया कि चुनाव अधिसूचना में परिणाम घोषित करने की तारीख का स्पष्ट उल्लेख क्यों नहीं किया गया। उन्होंने प्रशासन के फैसले पर संदेह जताया है।

कारगिल में 10 नवंबर को बंद का आह्वान

उधर, कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (KDA), विभिन्न राजनीतिक दलों और व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों ने प्रस्तावित लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (LAHDC) चुनाव सर्दियों के बाद कराने की मांग को लेकर 10 नवंबर को कारगिल बंद का आह्वान किया है। केडीए के सह-अध्यक्ष सज्जाद कारगिली ने कहा कि खराब मौसम के अलावा परिसीमन और लंबित बातचीत भी विरोध के प्रमुख कारण हैं।

इस बीच, लद्दाख के सांसद मोहम्मद हनीफा जान ने भी उपराज्यपाल को पत्र लिखकर प्रस्तावित LAHDC चुनाव टालने की मांग की है। उन्होंने मौसमी पलायन, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और मतदाता सूचियों में व्यापक संशोधन की जरूरत का हवाला दिया है।

गौरतलब है कि लद्दाख प्रशासन ने लेह और कारगिल की नगर समितियों तथा पंचायतों के चुनाव के लिए 21 नवंबर की तारीख निर्धारित की है। वहीं, LAHDC चुनाव को लेकर भी अलग से विरोध सामने आ रहा है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इन मांगों पर क्या रुख अपनाता है। फिलहाल चुनाव कार्यक्रम को लेकर लद्दाख में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के बीच असहमति बढ़ती दिखाई दे रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *