24 दिनों से मानसा में रखा था शव, विशेष डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम; रविवार को होगा अंतिम संस्कार
शव लंबे समय तक फ्रीजर में रखे जाने के कारण उसका तापमान सामान्य नहीं होने से शुक्रवार को पोस्टमार्टम टालना पड़ा था
भारत इंफो, चंडीगढ़/मानसा
नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले दिवंगत परविंदर सिंह झोटा का पोस्टमार्टम शनिवार को चंडीगढ़ स्थित PGI (पीजीआई) में पूरा कर लिया गया। विशेष डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न की। इसके बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, झोटा का शव फिलहाल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। परिजनों ने रविवार सुबह पार्थिव शरीर को मानसा ले जाने का निर्णय लिया है। वहां उनके पैतृक स्थान पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। गौरतलब है कि 13 अक्टूबर को मानसा में एक मेडिकल स्टोर के अंदर गोली मारकर परविंदर सिंह झोटा की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद परिवार और विभिन्न संगठनों ने न्याय की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया था। करीब 24 दिनों तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया गया।
परिवार और पंजाब सरकार के बीच कई दौर की बातचीत के बाद मांगों पर सहमति बनी और पोस्टमार्टम करवाने का रास्ता साफ हुआ। हालांकि, शव लंबे समय तक फ्रीजर में रखे जाने के कारण उसका तापमान सामान्य नहीं होने से शुक्रवार को पोस्टमार्टम टालना पड़ा था।
इस मामले में झोटा के पिता भीम सिंह ने मानसा के एसएसपी के तबादले की मांग भी उठाई है। उन्होंने मांग पूरी होने तक अन्न त्यागने का ऐलान किया है। झोटा हत्याकांड की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है।