Thursday, November 5, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

दिवित औलख की अंतिम अरदास में कलाकारों की आंखें हुईं नम, दिनेश औलख को टूटता देख भावुक हुए हैप्पी रॉयकोटी

भारत इंफो : जालंधर के बाथ कैसल में स्पीड रिकॉर्ड्स म्यूजिक कंपनी के प्रमुख दिनेश औलख के 18 वर्षीय बेटे दिवंगत दिवित औलख की अंतिम अरदास और भोग की रस्म आयोजित की गई। इस दुखद मौके पर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री, पॉलीवुड सिनेमा और राजनीतिक गलियारों से कई जानी-मानी हस्तियां परिवार के साथ संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचीं। दिवित को अंतिम विदाई देते समय हर किसी की आंखें नम थीं और माहौल पूरी तरह गमगीन रहा।

अभिनेता बीएन शर्मा की अपील— सड़क सुरक्षा पर सख्त हों नियम

श्रद्धांजलि देने पहुंचे मशहूर अभिनेता बीएन शर्मा ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि किसी युवा औलाद को खोने के बाद माता-पिता जीते जी मर जाते हैं। उन्होंने कहा कि मुआवजा कभी किसी अपने की कमी पूरी नहीं कर सकता। बीएन शर्मा ने सरकार से सड़क हादसों को रोकने के लिए कड़े नियम बनाने की गुजारिश की, साथ ही युवाओं को सतर्कता से वाहन चलाने और हेलमेट पहनने की सीख दी।

सरबजीत चीमा बोले— यह दर्द ताउम्र परिवार के साथ रहेगा

गायक सरबजीत चीमा ने भावुक होते हुए कहा कि दिवित एक बेहद होनहार और होशियार बच्चा था। इस अपूरणीय क्षति को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। परिवार को जिंदगीभर इस भारी कमी और असहनीय दर्द के साथ जीना पड़ेगा।

सिंगिंग का जुनून था, नए कलाकारों को भी किया था साइन: मनकीरत औलख

गायक मनकीरत औलख ने दिवित से जुड़ी यादें साझा करते हुए बताया कि वह संगीत को लेकर बेहद गंभीर था। कम उम्र में ही उसने स्पीड रिकॉर्ड्स के जरिए काम शुरू कर दिया था और दो नए कलाकारों को साइन भी किया था। उन्होंने कहा कि दिनेश भाई का बड़ा बेटा टोरंटो (कनाडा) में पढ़ाई कर रहा है, जबकि छोटा बेटा दिवित संगीत के क्षेत्र में अपने सपने बुन रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

दिनेश औलख को इस हाल में देखना मुश्किल: हैप्पी रायकोटी

गायक हैप्पी रायकोटी ने कहा कि दिनेश औलख उनके बेहद करीब हैं, लेकिन आज उन्हें इस तरह टूटते और बिखेरते देखना बहुत दर्दनाक था। इस स्थिति में परिवार को सांत्वना देने के लिए भी शब्द कम पड़ रहे हैं।

मनोरंजन और राजनीतिक जगत के दिग्गजों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

अंतिम अरदास में पंजाबी गायकी और अभिनय जगत से अमरिंदर गिल, जैजी बी, प्रीत हरपाल, मनकीरत औलख, निंजा, रोशन प्रिंस, इंद्रजीत निक्कू, केएस मक्खन, आर नेत, हैप्पी रायकोटी, सरबजीत चीमा, राज जुझार, गुरलेज अख्तर, देबी मखसूसपुरी, सुदेश कुमारी, परवेज आलम, सचिन आहूजा, अमर नूरी और अनमोल गगन मान पहुंचे।

इसके अलावा अभिनय जगत से गुरप्रीत घुग्गी, बीएन शर्मा, हार्बी संघा, शविंदर माहल, देव खरोद, राणा रणबीर, जगजीत संधू, करमजीत अनमोल व माही शर्मा मौजूद रहे। वहीं राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों में पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक और हरियाणा के युवा नेता दिग्विजय चौटाला ने भी बाथ कैसल पहुंचकर दिवित औलख को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *