बोले—‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के दावों के बीच नशा विरोधी आवाजें ही निशाने पर; ड्रग माफिया के गठजोड़ को बेनकाब कर दोषियों को जवाबदेह बनाएंगे
भारत इंफो, जालंधर/चंडीगढ़
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार की नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ पर सवाल उठाए हैं।
परगट सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में नशा माफिया के हौसले बुलंद हैं, जबकि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नशे के खिलाफ मुहिम के दावों के बावजूद ऐसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने परमिंदर सिंह झोटा के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ हैं।
परगट सिंह ने आम आदमी पार्टी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस नशा माफिया के कथित गठजोड़ को बेनकाब करने और उसे खत्म करने के लिए आवाज उठाती रहेगी।