Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

जालंधर कैंट में महिलाएं कितनी सुरक्षित? सरेआम बैग छीनकर फरार हुए बदमाश

भारत इंफो : जालंधर कैंट के सदर बाजार की मुख्य मार्केट में स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। गली नंबर 10 में स्कूटी सवार दो अज्ञात युवक एक महिला का बैग छीनकर फरार हो गए। यह पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पैदल जा रही महिला को बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, महिला जालंधर कैंट की गली नंबर 10 स्थित सदर बाजार की व्यस्त मुख्य मार्केट से पैदल गुजर रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने मौका मिलते ही महिला का बैग झपट लिया और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। महिला ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, लेकिन तब तक दोनों आरोपी वहां से काफी दूर निकल चुके थे।

CCTV फुटेज में कैद हुए आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास की दुकानों और इमारतों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि वारदात से जुड़ी फुटेज में आरोपियों की तस्वीरें कैद हुई हैं, जिनके आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सदर बाजार जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय निवासियों में चिंता है। लोगों का कहना है कि बाजार में भी अगर इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और स्नैचिंग की वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *