Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अमृतसर पहुंचे परगट सिंह, खुद गाड़ी चलाकर गोल्डन टेंपल ले गए सचिन पायलट

भारत इंफो : पंजाब कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह जिम्मेदारी संभालने के बाद गुरुवार सुबह पहली बार पंजाब पहुंचे। पंजाब प्रदेश कांग्रेस मामलों के प्रभारी सचिन पायलट के साथ सुबह करीब 9 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके तुरंत बाद परगट सिंह श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में नतमस्तक होने के लिए रवाना हो गए।

सचिन पायलट ने खुद संभाली ड्राइविंग सीट
अमृतसर आगमन के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के अंदाज ने खींचा। एयरपोर्ट से निकलते वक्त सचिन पायलट खुद कार की ड्राइविंग सीट पर बैठे नजर आए, जबकि उनके बगल वाली सीट पर नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह विराजमान थे। दोनों दिग्गज नेताओं का यह अनोखा अंदाज और कार में साथ सफर करने की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में तेजी से चर्चा का विषय बन गईं।

धार्मिक स्थलों पर टेकेंगे माथा, मोहाली में होगी अहम बैठक
परगट सिंह के इस पंजाब दौरे की शुरुआत आध्यात्मिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों से भरी है। श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद वह अमृतसर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन भी करेंगे। अमृतसर का कार्यक्रम पूरा करने के बाद वह मोहाली रवाना होंगे, जहां पंजाब कांग्रेस की वरिष्ठ लीडरशिप के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इसके अलावा, अगले दिन हिमाचल प्रदेश स्थित मां चिंतपूर्णी के दरबार में भी नतमस्तक होने का उनका कार्यक्रम तय माना जा रहा है।

गुटबाजी की खबरों को किया खारिज
पंजाब आने से ठीक पहले परगट सिंह ने दिल्ली में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से मुलाकात की। कमान बदलने के बाद हुई इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। मुलाकात के बाद परगट सिंह ने पार्टी में किसी भी प्रकार की गुटबाजी या मतभेद की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। विभिन्न नेताओं के अलग-अलग विचारों को उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा करार दिया।

2027 विधानसभा चुनाव पर बड़ा दावा
पंजाब के भावी राजनीतिक सफर पर बात करते हुए परगट सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता और ताकत के साथ 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद संगठन के हर कार्यकर्ता और नेता को साथ लेकर आगे बढ़ना है। नए अध्यक्ष के रूप में परगट सिंह के इस पहले पंजाब दौरे और पार्टी नेताओं के साथ उनके तालमेल पर प्रदेश के राजनीतिक विश्लेषकों की पैनी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *