Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

मानसा में भाजपा की यात्रा के दौरान बड़ा हादसा! ट्रक से टकराई नेताओं की कार, 1 की मौत

भारत इंफो : मानसा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गांव कोट धर्मू के पास एक स्विफ्ट कार और ट्रक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाजपा के जिला उपाध्यक्ष समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुखद हादसे के तुरंत बाद भाजपा ने अपनी इस यात्रा को बीच में ही रोक दिया है।

रैली से लौटते समय हुआ हादसा, कार में सवार थे 6 वर्कर
यह हादसा उस समय घटा जब भाजपा नेता और कार्यकर्ता पूरे राज्य में नशे के खिलाफ निकाली जा रही ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत झुनीर कस्बे में आयोजित रैली को खत्म कर मानसा वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट कार में भाजपा के मानसा जिला उपाध्यक्ष विनोद काली समेत कुल 6 वर्कर सवार थे। जैसे ही उनकी गाड़ी गांव कोट धर्मू के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी और जोरदार टक्कर हो गई।

1 की जान गई, जिला उपाध्यक्ष लुधियाना रेफर
भाजपा के वरिष्ठ नेता एचएस फूलका ने इस दुखद दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में अर्शदीप सिंह नाम के युवक की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि जिला उपाध्यक्ष विनोद काली की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसी लुधियाना रेफर किया गया है। वहीं, अन्य गंभीर रूप से घायल कार्यकर्ताओं को इलाज के लिए एम्स अस्पताल बठिंडा में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल पहुंचे भाजपा नेता, बीच में स्थगित की गई यात्रा
हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मानसा के सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का कुशलक्षेम जाना। भाजपा नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना संगठन और पीड़ित परिवार के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। भाजपा इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। हादसे के सम्मान और संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल यात्रा के आगे के कार्यक्रमों को रोक दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *