Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

मोहाली में सुबह-सुबह ED का बड़ा एक्शन, GMADA के तीनों फ्लोर सील; अफसरों के मोबाइल जब्त

भारत इंफो : मोहाली में मंगलवार को ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के दफ्तर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, ED की टीमों ने कार्यालय पहुंचते ही GMADA भवन के तीनों फ्लोर सील कर दिए। इन फ्लोर पर अथॉरिटी के कई वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय स्थित हैं।

कार्रवाई के दौरान ED की टीम ने GMADA के वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद अधिकारियों से पूछताछ का दौर शुरू हुआ।

जालंधर, चंडीगढ़ और दिल्ली से पहुंची ED की टीमें
सूत्रों के मुताबिक, ED की कार्रवाई के लिए जालंधर, चंडीगढ़ और दिल्ली से टीमें पहुंचीं। जांच एजेंसी की टीमें तीन वाहनों में GMADA कार्यालय पहुंची थीं। रेड के दौरान GMADA के एस्टेट ऑफिसर, एडिशनल चीफ एडमिनिस्ट्रेटर और चीफ एग्जीक्यूटिव इंजीनियर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को हाउसिंग विभाग के सेक्रेटरी के कमरे में बुलाया गया। यहां ED अधिकारियों ने उनसे मामले से जुड़े सवाल पूछे और जानकारी हासिल की।

जमीन से जुड़े मामलों की जांच का दावा
ED से जुड़े सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी GMADA में कथित तौर पर हुई कई अनियमितताओं की पड़ताल कर रही है। जांच के दायरे में भूमि अधिग्रहण, चेंज ऑफ लैंड यूज यानी CLU की मंजूरी, निजी रियल एस्टेट कंपनियों को कथित लाभ पहुंचाने और संपत्तियों की नीलामी से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं। पूरी जांच करीब 100 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी से जुड़े मामले पर केंद्रित है। हालांकि, इस मामले में ED की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

कार्रवाई के बाद GMADA में बढ़ी हलचल
ED की छापेमारी के बाद GMADA कार्यालय में दिनभर हलचल बनी रही। तीनों फ्लोर सील किए जाने और वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ के चलते कर्मचारियों में भी चर्चा का माहौल रहा। जांच एजेंसी की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित अनियमितताओं में किन लोगों की भूमिका सामने आती है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *