Thursday, September 17, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 32°C
Breaking News

जालंधर में गली में खेल रहे बच्चे की किडनैपिंग, इलाके में मचा हड़कंप

भारत इंफो : जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में दिनदहाड़े 4 साल के बच्चे को कथित तौर पर अगवा किए जाने का मामला सामने आया है। लैदर कॉम्प्लेक्स के पास वाली गली में घर के बाहर खेल रहे मासूम कुंज को एक्टिवा सवार दो अज्ञात युवक कथित तौर पर उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वारदात की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

दोपहर करीब 1:45 बजे गली में खेल रहा था बच्चा
बच्चे की मां शानू के मुताबिक, उनका 4 वर्षीय बेटा कुंज दोपहर के समय घर के बाहर गली में खेल रहा था। इसी दौरान करीब 1:45 बजे एक्टिवा पर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों युवकों ने बच्चे को जबरन उठाया और एक्टिवा पर बैठाकर मौके से फरार हो गए। उस समय कुंज के साथ एक अन्य बच्चा कृष भी खेल रहा था। कृष ने घरवालों को बताया कि एक्टिवा सवार दो युवक उसके दोस्त कुंज को उठाकर अपने साथ ले गए हैं। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

बच्चे के लापता होने से इलाके में दहशत
दिनदहाड़े बच्चे के कथित अपहरण की खबर फैलते ही बस्ती बावा खेल इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हुए और पुलिस से बच्चे को जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की। घटना को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और एक्टिवा सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

धुंधली CCTV फुटेज से बढ़ी जांच की चुनौती
पुलिस के अनुसार, शुरुआती CCTV फुटेज में तस्वीरें स्पष्ट नहीं दिखाई दे रही हैं। इसके चलते जांच टीम आसपास की दुकानों, मकानों और अन्य स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि एक्टिवा सवार दोनों युवक किस दिशा में गए और उनकी पहचान कैसे की जा सकती है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर बच्चे की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *