भारत इंफो : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को फाइनल मुकाबले में 72 रन से हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड 8वीं बार महिला एशिया कप की ट्रॉफी जीती है। हालांकि खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया।
भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इससे पहले पुरुषों के एशिया कप के दौरान भी भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं ली थी।
मोहसिन नकवी ने श्रीलंकाई टीम को दिए मेडल
फाइनल मुकाबला खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन समारोह में मोहसिन नकवी स्टेज पर पहुंचे। उन्होंने श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ियों को मेडल दिए और कप्तान को रनर-अप का चेक सौंपा। इसके बाद प्रेजेंटेशन समारोह समाप्त हो गया और मोहसिन नकवी वहां से होटल के लिए रवाना हो गए। भारतीय टीम के चैंपियन बनने के बावजूद मोहसिन नकवी ने विजेता टीम को ट्रॉफी नहीं सौंपी। इसके बाद भारतीय महिला टीम की ट्रॉफी से जुड़ा मामला चर्चा में आ गया।
होटल जाते समय भारतीय फैंस ने लगाए नारे
मोहसिन नकवी के होटल जाने के दौरान भारतीय फैंस ने उन्हें लेकर नारेबाजी की और कथित तौर पर ‘चोर’ कहकर चिढ़ाया। इसकी वजह पिछले पुरुष एशिया कप में ट्रॉफी को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। दरअसल, पिछले एशिया कप में भी भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नकवी ट्रॉफी को अपने साथ लेकर चले गए थे। इसी घटना को लेकर भारतीय फैंस ने इस बार भी उनके खिलाफ नारेबाजी की।
अब एशियन गेम्स पर भारतीय टीम की नजर
एशिया कप जीतने के बाद भारतीय महिला टीम का अगला फोकस एशियन गेम्स पर है। टीम ने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया है। 8वीं बार खिताब जीतकर भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट के इतिहास में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।