Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

जालंधर निगम की मीटिंग में हाईवोल्टेज ड्रामा, विपक्ष का जोरदार विरोध; 32.79 करोड़ के सीवेज प्रोजेक्ट समेत कई प्रस्ताव

भारत इंफो : जालंधर के रेडक्रॉस भवन में आयोजित नगर निगम हाउस की बैठक की शुरुआत ही जबरदस्त हंगामे के साथ हुई। जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, कांग्रेस पार्षदों समेत विपक्ष के सदस्य अपनी सीटों से खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। मेयर विनीत धीर और अन्य पार्षदों ने विपक्षी सदस्यों से शांत रहकर शहर के विकास से जुड़े एजेंडों पर चर्चा करने की अपील की, लेकिन विपक्ष लगातार नारेबाजी और प्रदर्शन करता रहा। माहौल इतना गर्मा गया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा। तस्वीरों में मेयर विनीत धीर पार्षदों को अपनी सीटों पर बैठने का आग्रह करते दिखे, लेकिन हंगामा थमता नजर नहीं आया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।

शहर के 50 चौराहों पर 9.51 करोड़ से लगेगा स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम
हंगामे के बीच बैठक का मुख्य आकर्षण शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने का प्रस्ताव रहा। इसके तहत जालंधर के 50 प्रमुख चौराहों पर स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का प्रारंभिक अनुमान 9.98 करोड़ रुपये था, जिसे तकनीकी जांच के बाद घटाकर 9.51 करोड़ रुपये मंजूर किया गया है। सभी चौराहों को 4G/5G और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ते हुए शहर के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से सीधे मॉनिटर किया जाएगा। इस योजना में जेब्रा क्रॉसिंग, स्टॉप लाइन, सोलर ब्लिंकर, पावर बैकअप और दो साल का संचालन व रखरखाव भी शामिल है। इसके अतिरिक्त फेरी वालों (स्ट्रीट वेंडर्स) का डिजिटल सर्वे कराने और उन्हें यूनिक आइडेंटिफिकेशन QR कोड नंबर प्लेट जारी करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

बस्ती पीर दाद में 32.79 करोड़ से बनेगा नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट
शहर में सीवेज की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए बस्ती पीर दाद क्षेत्र में 20 एमएलडी क्षमता का नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और 45 एमएलडी क्षमता का मेन पंपिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। नगर निगम के अनुसार, वर्तमान में बस्ती पीर दाद में चल रहे 50 एमएलडी और 15 एमएलडी प्लांट पर ओवरलोड बढ़ गया है, जिसे वैज्ञानिक तरीके से ट्रीट करने के लिए नया प्रोजेक्ट बेहद जरूरी है। अमृत 2.0 योजना के तहत इस प्रोजेक्ट की निर्माण लागत 32.79 करोड़ रुपये होगी, जबकि अगले 5 वर्षों के रखरखाव पर 2.35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें केंद्र सरकार 33 प्रतिशत और पंजाब सरकार 67 प्रतिशत फंड मुहैया कराएगी। प्रोजेक्ट में 70 मीटर ग्रेविटी सीवर, 280 मीटर पंपिंग मेन और काला संघियां ड्रेन की ट्रेंचलेस क्रॉसिंग शामिल है।

नॉर्थ विधानसभा में सीवर-पेयजल सुधार और प्रशासनिक बदलाव की तैयारी
बैठक के एजेंडे में जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में सीवर और पेयजल आपूर्ति में सुधार लाने के लिए 22 अलग-अलग विकास कार्यों का खाका भी शामिल किया गया है। इन बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ नगर निगम के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने पर भी विचार हुआ, जिसके तहत जालंधर नगर निगम में संयुक्त आयुक्त (Joint Commissioner) के पदों को दो से बढ़ाकर चार करने का प्रस्ताव रखा गया है ताकि शहर के विकास कार्यों और प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *