loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 24°C
Breaking News

सिर्फ एक iPhone की जिद ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, 300 फीट ऊंची पहाड़ी से गिरकर माता-पिता और बेटे की मौत!

भारत इंफो : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। शहर के तीसगांव इलाके में स्थित 300 फीट ऊंचे खवड्या पहाड़ से गिरकर एक ही परिवार के माता-पिता और उनके इकलौते बेटे की मौत हो गई। महंगे आईफोन की किस्त भरने को लेकर घर में शुरू हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि एक पूरा परिवार हमेशा के लिए खत्म हो गया। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय कुणाल चांदगुडे, उसके पिता मुरलीधर चांदगुडे (48 वर्ष) और मां संगीता चांदगुडे (42 वर्ष) के रूप में हुई है।

आईफोन की किस्त मांगने पर हुआ था पिता-पुत्र का झगड़ा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुणाल ने कुछ समय पहले एक आईफोन खरीदा था, लेकिन वह उसकी मासिक किस्त यानी EMI नहीं भर पा रहा था। पैसों का इंतजाम करने के लिए वह लगातार अपने पिता पर दबाव बना रहा था। शुक्रवार को इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच तीखी बहस हो गई। बहस के बाद कुणाल गुस्से में घर से निकलकर सीधे खवड्या पहाड़ की ऊंची पहाड़ियों पर पहुंच गया, जिसके पीछे-पीछे उसके चिंतित माता-पिता भी वहां आ गए।

घंटों चली मिन्नतें, बचाने की कोशिश में गहरी खाई में गिरे पिता-पुत्र
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और गांव के पूर्व सरपंच संजय के मुताबिक, कुणाल सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक पहाड़ की खतरनाक चट्टान पर खड़ा रहा और बार-बार अपनी जगह बदल रहा था। नीचे खड़ी मां संगीता रो-रोकर अपने बेटे से वापस नीचे आने की गुहार लगाती रही, लेकिन कुणाल किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। इसी दौरान पिता मुरलीधर जोखिम उठाकर बेटे तक पहुंचे और उसे सुरक्षित पीछे खींचने का प्रयास करने लगे। तभी अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे 300 फीट गहरी खाई में जा गिरे।

सदमे में मां ने भी तोड़ा दम, खत्म हुआ पूरा परिवार
आंखों के सामने पति और बेटे को खाई में गिरते देख मां संगीता गहरे सदमे में आ गईं और इस दर्दनाक हादसे में उनकी भी जान चली गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि महज 4 साल पहले इस परिवार ने अपने छोटे बेटे को भी खो दिया था। अब इस भयानक त्रासदी के बाद हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह से उजड़ गया है, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *