loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

सुखबीर बादल हमले पर बड़ा खुलासा, छाती पर वार करने आया था निहंग

भारत इंफो : महाराष्ट्र के नांदेड स्थित गुरुद्वारा माता साहिब में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमला करने वाले निहंग की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को तुरंत पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी।

छाती पर वार करने की थी कोशिश
पुलिस की शुरुआती पूछताछ के मुताबिक आरोपी निहंग जसपाल सिंह ने सुखबीर बादल की छाती पर कृपाण से वार करने की कोशिश की थी। बताया जा रहा है कि सुखबीर बादल के सामने आते ही आरोपी ने कृपाण निकालकर उनकी ओर हमला किया। इस दौरान सुखबीर बादल ने बचाव के लिए अपना हाथ आगे कर दिया, जिससे कृपाण छाती तक नहीं पहुंच सकी और उनके हाथ पर चोट लग गई।

हमले में सुखबीर बादल के हाथ पर करीब 5 सेंटीमीटर लंबा कट आया। डॉक्टरों ने ईलाज के दौरान उनके हाथ पर 8 से 9 टांके लगाए। घटना के बाद उन्हें चिकित्सकीय सहायता दी गई।

आरोपी ने नशे को लेकर गुस्से की बात कही
नांदेड के एसपी निलाभ रोहन के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर कहा है कि वह पंजाब में नशे की समस्या को लेकर गुस्से में था और इसी वजह से उसने सुखबीर बादल पर हमला किया। पुलिस आरोपी से घटना के पीछे की पूरी वजह और उसके इरादे को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

आरोपी को बताया मानसिक रूप से अस्वस्थ
गुरुद्वारा प्रबंधन के बाबा जग्गा सिंह ने बताया कि आरोपी जसपाल सिंह पिछले करीब दो साल से गुरुद्वारे में सेवा कर रहा था। उन्होंने दावा किया कि आरोपी मानसिक तौर पर ठीक नहीं है। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *