loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

पंजाब में आफत की बारिश का अलर्ट! तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, जानें पूरा अपडेट

भारत इंफो : पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने 19 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने पंजाब के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।

कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक आज चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं गुरदासपुर, पठानकोट, बटाला, अजनाला और डेरा बाबा नानक में भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

जालंधर, अमृतसर, कपूरथला, होशियारपुर और रूपनगर में भी मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। पटियाला, राजपुरा, लुधियाना समेत कई अन्य इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।

मौसम खराब होने पर सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि तूफानी गतिविधियों के दौरान लोग खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित जगह पर रहें। तेज हवा और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचने की अपील की गई है।

15 अगस्त से और बढ़ेगा बारिश का असर
15 अगस्त को पठानकोट और रूपनगर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 16 अगस्त को राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश के आसार हैं, जबकि पठानकोट में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 17 अगस्त को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 अगस्त तक पंजाब के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *