loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 34°C
Breaking News

हिमाचल में भीषण बस हादसा, 10 की मौत और 7 गंभीर घायल; मलबे में दबे यात्रियों की तलाश

भारत इंफो : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उपमंडल चुराह के तहत बैरागढ़-चंबा मार्ग पर शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में चालक और परिचालक समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 7 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

कुछ ही किलोमीटर बाद हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शर्मा ट्रैवलर्स की बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने अभी करीब तीन किलोमीटर का ही सफर तय किया था कि देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर चालक ने बस का नियंत्रण खो दिया। नियंत्रण बिगड़ने के बाद बस सड़क से नीचे जा गिरी और दूसरी सड़क पर जाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

बस में सवार थे 15 से 16 यात्री
हादसे के समय बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई थीं। घायलों का इलाज सिविल अस्पताल तीसा में कराया जा रहा है। पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन मृतकों की पहचान करने के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर बस चालक का नियंत्रण किस वजह से बिगड़ा।

हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम
भीषण बस हादसे में 10 लोगों की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग राहत और बचाव अभियान में प्रशासन की मदद कर रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को जल्द से जल्द बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और मलबे में फंसे संभावित यात्रियों को बाहर निकालना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *