भारत इंफो : कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा नेता बताए जाने के बाद अब कैप्टन का बयान सामने आया है। BJP नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि राजनीति और निजी रिश्तों को कभी एक साथ नहीं मिलाना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि गांधी परिवार के साथ उनके निजी रिश्ते आज भी अच्छे हैं, लेकिन राजनीतिक तौर पर वह भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं और पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।
सोनिया, राहुल और प्रियंका से आज भी अच्छे रिश्ते
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि उनके सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ अभी भी अच्छे निजी संबंध हैं। उन्होंने कहा कि वह सोनिया गांधी और उनके परिवार की बहुत इज्जत करते हैं। अगर कभी सोनिया गांधी को किसी निजी मामले में उनकी मदद की जरूरत पड़ी तो वह बिना किसी हिचकिचाहट के उनके पास पहुंचेंगे। दोस्ती और राजनीति को अलग रखना जरूरी है। राहुल गांधी की ओर से अपने बारे में किए गए कमेंट पर कैप्टन ने उनका धन्यवाद भी किया।
बोले- मेरी राजनीतिक ड्यूटी BJP के साथ
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी खुद जानते हैं कि वह अब BJP में हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह BJP में रहकर अपनी राजनीतिक जिम्मेदारी और ड्यूटी पूरी करते रहेंगे। उनके मुताबिक, निजी रिश्ते अपनी जगह हैं, जबकि राजनीतिक विचारधारा और जिम्मेदारियां अपनी जगह हैं।
1980 में मां BJP से सांसद, खुद कांग्रेस MP थे
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने परिवार का राजनीतिक उदाहरण देते हुए कहा कि साल 1980 में वह पटियाला से कांग्रेस सांसद थे, जबकि उनकी मां BJP की सांसद थीं। इसके बावजूद दोनों के पारिवारिक रिश्तों पर राजनीति का कोई असर नहीं पड़ा। परिवार में अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा होने के बावजूद निजी रिश्तों को हमेशा सम्मान दिया गया। इसी तरह वह गांधी परिवार के साथ भी अपने निजी संबंधों को राजनीति से अलग रखते हैं।
कांग्रेस से कोई नाराजगी नहीं
कांग्रेस से नाराजगी के सवाल पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि गांधी परिवार से उनकी कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें दो बार सांसद, छह बार विधायक और दो बार पंजाब का मुख्यमंत्री बनने का अवसर दिया। इसलिए उनके मन में कांग्रेस को लेकर किसी तरह का अफसोस या नाराजगी नहीं है।
पंजाब कांग्रेस विवाद पर टिप्पणी से किया इनकार
पंजाब कांग्रेस में चल रहे अंदरूनी विवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह अब BJP के नेता हैं और किसी दूसरी पार्टी के अंदरूनी मामलों पर टिप्पणी नहीं करना चाहते।