loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 32°C
Breaking News

जालंधर में पूर्व सीएम चन्नी का औचक दौरा, सतलुज किनारे अवैध माइनिंग का लगाया आरोप

भारत इंफो : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने मंगलवार सुबह नकोदर क्षेत्र का औचक दौरा कर सतलुज नदी के किनारे कथित अवैध माइनिंग का मुद्दा उठाया। चन्नी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बाइक पर मौके पर पहुंचे और नदी से निकाली गई रेत से भरे ट्रकों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में देर रात से लेकर तड़के तक लगातार माइनिंग की जा रही है।

रेत से भरे ट्रकों और डंपिंग का किया जिक्र
निरीक्षण के दौरान चन्नी ने कहा कि मौके पर बड़ी संख्या में रेत से भरे ट्रक दिखाई दिए। उनका दावा था कि नदी से निकाली गई रेत को पहले एक स्थान पर बड़े पैमाने पर डंप किया जाता है, जहां रेत के बड़े-बड़े ढेर बनाए गए हैं। इसके बाद उसी रेत को ट्रालियों और ट्रकों के जरिए अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाया जाता है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी जताई चिंता
चन्नी के साथ मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इलाके में लंबे समय से दिन-रात माइनिंग हो रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। उनका कहना था कि अनियंत्रित माइनिंग के कारण पिछले वर्ष बारिश के दौरान सतलुज नदी के किनारों पर कटाव बढ़ा, जिससे कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया और लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

‘बरसात में फिर हो सकता है नुकसान’
चन्नी ने कहा कि यदि नकोदर क्षेत्र में कथित अवैध माइनिंग नहीं रोकी गई तो इस बार भी बरसात के दौरान लोगों को नुकसान झेलना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि शिकायतें मिलने के बाद ही वह मौके का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर कई रेत से भरे ट्रक दिखाई दिए, जिससे स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति या संस्था का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि लोग खुद समझ सकते हैं कि पंजाब में किस तरह बेखौफ होकर माइनिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *