loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 35°C
Breaking News

भूपेश बघेल के दौरे से पहले मुक्तसर में लगे ‘गो बैक बघेल’ के पोस्टर, कांग्रेस में बढ़ा सियासी घमासान

भारत इंफो : पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के मुक्तसर और बठिंडा दौरे से पहले मुक्तसर शहर की सड़कों पर उनके विरोध में पोस्टर और बड़े फ्लेक्स लगाए गए। मुक्तसर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग का गृह जिला है, ऐसे में इस पोस्टरबाजी ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।

पोस्टरों में जनरल डायर के रूप में दिखाए गए भूपेश बघेल
मुक्तसर में लगाए गए पोस्टरों में भूपेश बघेल को ब्रिटिश शासन के अधिकारी जनरल डायर के रूप में दर्शाया गया है। पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में ‘गो बैक बघेल’ लिखा गया है। इसके अलावा ‘राजा-बघेल हटाओ, कांग्रेस बचाओ’ जैसे नारे भी लिखे गए हैं, जो पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष की ओर इशारा कर रहे हैं।

चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में भी लगे पोस्टर
शहर में पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में भी पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के जरिए चन्नी के समर्थन के साथ-साथ मौजूदा प्रदेश नेतृत्व पर सवाल उठाए गए हैं। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी लगातार गहराती जा रही है।

वर्करों की बैठकों में भी लगे थे विरोध के नारे
इससे पहले शनिवार और रविवार को आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठकों के दौरान भी राजा वड़िंग और भूपेश बघेल के खिलाफ नारेबाजी हुई थी। अब दौरे से पहले सामने आई पोस्टरबाजी ने पार्टी के भीतर चल रहे विवाद को और खुलकर सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *