Monday, September 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

पटियाला में दर्दनाक हादसा, स्कूल बस की टक्कर से दो छात्रों की मौत, सड़क पर उतरे ग्रामीण

भारत इंफो : पटियाला में पातरां-हिसार रोड पर स्कूल बस और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में दो छात्रों की मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि एक छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रिंस और मोहित के रूप में हुई है। दोनों सरकारी स्कूल के छात्र थे।

दोनों परिवारों के इकलौते बेटे थे मृतक
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। प्रिंस और मोहित दोनों अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे और दोनों परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने लगाया तेज रफ्तार और लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल बस तेज रफ्तार में चल रही थी और टक्कर के बाद बस चालक बाइक को करीब 50 फीट तक घसीटता ले गया। लोगों का यह भी कहना है कि हादसे के बाद स्कूल के प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल का रवैया संवेदनहीन रहा। इसी को लेकर ग्रामीणों ने उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
हादसे के विरोध में परिजनों और गांववासियों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक स्कूल प्रबंधन और बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

बस में सवार थे 45 बच्चे, पुलिस ने शुरू की जांच
ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के समय स्कूल बस में करीब 45 बच्चे सवार थे। उनका कहना है कि यदि बस अनियंत्रित होकर पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद बस में मौजूद बच्चों में भी दहशत का माहौल देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन से भी बातचीत की है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *