Wednesday, September 16, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 36°C
Breaking News

पंजाब कांग्रेस में प्रेशर पॉलिटिक्स का पटाक्षेप, चन्नी-रंधावा फिलहाल कॉर्नर किए गए

मनुपाल शर्मा, भारत इंफो : कांग्रेस हाईकमान की तरफ से अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को फिर से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर लगभग 5 दिन तक चली प्रेशर पालिटिक्स का पटाक्षेप हो गया है।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने मीडिया से कहा है कि कांग्रेस कमेटी की बैठक में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर हाईकमान का धन्यवाद व्यक्त किया गया है और इस फैसले का स्वागत किया गया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हाईकमान ने एक बार फैसला ले लिया तो उसमें बदलाव नहीं होता, गुड्डा गुड्डी का खेल है क्या ? खास यह कि जब भूपेश बघेल मीडिया को संबोधित कर रहे थे तो राजा अमरिंदर सिंह वड़िंग भी उनके साथ मौके पर बेहद खुश नजर आ रहे थे।

पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के इस बयान से फिलहाल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा फिलहाल एक कोने में नजर आ रहे हैं। हाईकमान की तरफ से पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पदाधिकारियों की सूचियां जारी की गई, तो चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर कुछ कांग्रेसी नेता इकट्ठे हुए और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने के हाईकमान के फैसले का विरोध जताया गया।

सुखजिंदर सिंह रंधावा तो केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने दिल्ली तक जा पहुंचे। जब मीडिया में सुर्खियां बनने लगी तो फिर से चन्नी के निवास पर पहुंच गए। चन्नी और रंधावा ने भूपेश बघेल की बैठकों से भी किनारा किया। हालांकि बघेल ने कहा कि वह तो सुखजिंदर रंधावा के आवास पर भी जाने को तैयार थे।

वहीं दूसरी तरफ पंजाब कांग्रेस की कमान दोबारा संभालने वाले अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि अगर कोई नाराज है तो वह उन्हें मनाने के लिए उनकी जूती को सिर पर भी रख लेंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि सभी 117 विधानसभा सीटों के उम्मीदवार चन्नी के ही होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *