loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 42°C
Breaking News

पंजाब में ममता हुई शर्मसार… मां ने तीन मासूमों को नहर में फेंका, तीनों की मौत

भारत इंफो : पंजाब के रोपड़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोहाली की रहने वाली एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया। इस दर्दनाक घटना में तीनों बच्चों की मौत हो गई। दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीसरे बच्चे की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

बच्चों को नहर में फेंकने के बाद खुद भी लगाई छलांग
जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला अपने बच्चों के साथ मोहाली से रोपड़ पहुंची थी। उसने पहले अपने तीनों बच्चों को नहर में धक्का दिया और फिर खुद भी आत्महत्या के इरादे से नहर में छलांग लगा दी। हालांकि वह पानी में नहीं डूबी और तैरकर किनारे पर आ गई, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला आत्महत्या करने की नीयत से ही रोपड़ आई थी।

तीनों मासूमों की गई जान
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान शकुंतला उर्फ सुमन के रूप में हुई है, जो मोहाली के मटौर इलाके की रहने वाली है। मृत बच्चों की पहचान 10 वर्षीय तपिश, 7 वर्षीय तनवी और 4 वर्षीय नितिन के रूप में हुई है। गोताखोरों ने दो बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि तीसरे बच्चे की तलाश जारी है।

परिजनों ने महिला के व्यवहार पर उठाए सवाल
मृतक बच्चों के दादा रामबाबू ने बताया कि पिछले कुछ समय से शकुंतला का व्यवहार सामान्य नहीं था। उनके अनुसार, वह कई बार बच्चों को नुकसान पहुंचाने जैसी बातें भी करती थी। परिवार पहले से ही तनावपूर्ण दौर से गुजर रहा था और घर में अक्सर विवाद होता रहता था। उन्होंने कहा कि बहू के साथ झगड़े होते थे, लेकिन कभी यह नहीं सोचा था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी और मासूम बच्चों की जान ले लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *