loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 38°C
Breaking News

जालंधर: दो नए ROB के शिलान्यास समारोह में बिगड़ी पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया की तबीयत, हुए बेहोश

भारत इंफो : जालंधर में रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के शिलान्यास समारोह के दौरान उस समय भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया की तबीयत अचानक बिगड़ गई। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आज शहर में दो नए आरओबी का नींव पत्थर रखने के लिए पहुंचे हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले जब मनोरंजन कालिया मुख्यमंत्री भगवंत मान के एक वीडियो को लेकर मीडिया को अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे, तभी उन्हें अचानक घबराहट महसूस हुई और वे बोलते-बोलते बेहोश हो गए। वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने तुरंत उन्हें संभाला और बिना कोई देरी किए इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती करवाया।

112 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे दो नए आरओबी

शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाले इस अहम प्रोजेक्ट के तहत जालंधर को 112.93 करोड़ रुपये की लागत से दो नए आरओबी की सौगात मिलने जा रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और भाजपा लीडरशिप के साथ मिलकर गुरु नानक पुरा फाटक (बी-67) और गढ़ा फाटक (एस-4) पर इन पुलों का शिलान्यास कर रहे हैं। रेलवे की ओर से गुरु नानक पुरा आरओबी के लिए 48.95 करोड़ रुपये और गढ़ा आरओबी के लिए 63.98 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इन दोनों अहम पुलों के बनने से स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम की रोजाना की समस्या से एक स्थायी और बड़ी राहत मिलेगी।

ट्रैफिक डायवर्जन बनी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती

शिलान्यास और निर्माण कार्य के चलते गुरु नानक पुरा फाटक को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक के लिए पूरी तरह बंद रखा गया है। शहर और कैंट के बीच अमृतसर-नई दिल्ली मुख्य रेल लाइन पर स्थित होने के कारण यह फाटक जालंधर के सबसे व्यस्त मार्गों में गिना जाता है। यहां से प्रतिदिन लगभग 110 रेलगाड़ियां गुजरती हैं। पीपी सर्विस लेन पहले से ही बंद होने के कारण 95 प्रतिशत से अधिक ट्रैफिक इसी रास्ते से गुजर रहा था। ऐसे में अब ट्रैफिक को सुचारू रूप से डायवर्ट करना प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। हालांकि बशीरपुरा फाटक को वैकल्पिक मार्ग के तौर पर रखा गया है, लेकिन वह रास्ता भी काफी तंग होने के कारण वहां वाहनों का दबाव बढ़ने की पूरी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *