loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

लखनऊ में 3 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, कई स्टूडेंट्स जाने बचाने के लिए कूदे; अब तक 13 की मौत

भारत इंफो : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में अधिकांश छात्र बताए जा रहे हैं। आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एक ने खिड़की से कूदकर बचाई जान
जानकारी के अनुसार इमारत की दूसरी मंजिल पर एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था। आग फैलने के बाद कई छात्रों ने खुद को बचाने के लिए बाथरूम में बंद कर लिया। वहीं एक छात्र ने पहली मंजिल से छलांग लगाकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

बड़े स्तर पर चलाया जा रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचकर बचाव कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा SDRF और NDRF की टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

रेस्क्यू टीमों ने इमारत के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया है। इसी रास्ते से फंसे लोगों को बाहर निकाला जा रहा है और मृतकों के शव भी बरामद किए जा रहे हैं। बचाव अभियान लगातार जारी है।

अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अभी भी करीब 10 लोगों के इमारत के अंदर फंसे होने की आशंका है। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर 14 एम्बुलेंस तैनात की गई हैं ताकि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे घटनास्थल
हादसे की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रिजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *