loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

रुद्रप्रयाग में सुरक्षा के बीच गुरुद्वारे में डटे निहंग, स्थानीय लोगों में अब भी चिंता

भारत इंफो : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में पंजाब से पहुंचे सात निहंगों में से चार ने फिलहाल वहीं रुकने का फैसला किया है। निहंग 25 जून को पंजाब से आने वाले जत्थे का इंतजार कर रहे हैं। अपने साथियों के पहुंचने के बाद वे सामूहिक रूप से श्री हेमकुंड साहिब के लिए रवाना होंगे।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल तैनात
गुरुद्वारे और आसपास के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मौके पर पुलिस, आईटीबीपी और पीएसी के कुल 25 जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।

निहंग ने वीडियो जारी कर दिया शांति का संदेश
इस बीच पंजाब के मोहाली से आए निहंग परमवीर सिंह ने एक वीडियो जारी कर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि उनकी कुछ बाबा लोगों के साथ मामूली अनबन हुई थी, लेकिन पुलिस और प्रशासन के साथ बातचीत के बाद मामला सुलझ गया है और अब वे वापस लौट रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि निहंगों का किसी को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं है।

गुरुद्वारे में सामान्य हुई गतिविधियां
निहंग शनिवार शाम करीब चार बजे से गुरुद्वारे में मौजूद हैं। देर शाम से गुरुद्वारे में अरदास और लंगर की सेवाएं पहले की तरह सुचारू रूप से शुरू हो गई हैं। हालांकि, घटनाक्रम के बाद स्थानीय लोगों के बीच अभी भी कुछ हद तक चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।

देहरादून में नेताओं ने सीएम धामी से मिलने का किया प्रयास
वहीं दूसरी ओर देहरादून में पंजाब से सांसद सर्वजीत सिंह खालसा, विधायक मनप्रीत सिंह तथा खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करने का प्रयास किया। माना जा रहा है कि यह मुलाकात पूरे घटनाक्रम और निहंगों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *