loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 40°C
Breaking News

बिहार में शॉर्ट सर्किट के बाद ICU में AC ब्लास्ट, अस्पताल में आग से 5 की जान गई

भारत इंफो : बिहार के मुजफ्फरपुर में स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के ICU वार्ड में आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग झुलस गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसके बाद ICU में लगे एयर कंडीशनर में विस्फोट हो गया और आग तेजी से पूरे वार्ड में फैल गई।

5वीं मंजिल पर स्थित ICU में फंसे मरीज
हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। ICU अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों के परिजन अपने प्रियजनों को स्ट्रेचर के सहारे बाहर निकालते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ICU समेत अन्य वार्डों में फंसे मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

स्टाफ पर लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आग लगने के दौरान अस्पताल का स्टाफ मौके से गायब हो गया था, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

चार मृतकों की पहचान, एक की शिनाख्त बाकी
हादसे में जान गंवाने वालों में गीता देवी, चंचला कुमारी, 57 वर्षीय उदय कुमार और 30 वर्षीय शशांक कुमार की पहचान हो चुकी है। वहीं एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घटना पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *