भारत इंफो : जालंधर महानगर में देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार सूची पिंड इलाके में जिम से लौट रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल युवक की पहचान अनमोल के रूप में हुई है।
जिम का समय बदलने के बावजूद हुआ हमला
घटना संबंधी जानकारी देते हुए घायल युवक की मां बलजीत कौर ने बताया कि कुछ युवक लंबे समय से उनके बेटे की रेकी कर रहे थे। इसी कारण अनमोल ने जिम जाने का समय शाम 6 बजे से बदलकर रात 9 बजे कर लिया था। उन्होंने बताया कि अनमोल बारहवीं पास है और देर रात जिम से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे निशाना बनाया गया।
पुरानी रंजिश को बताया हमले की वजह
बलजीत कौर ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले सूची पिंड में हुए मनदीप हत्याकांड में बल्ली नामक युवक ने उनके बेटे पर झूठा केस दर्ज करवाया था। उन्होंने कहा कि इसी रंजिश के चलते बल्ली, बब्बू, मुकेश और गोली समेत अन्य अज्ञात युवकों ने अनमोल की गाड़ी का पीछा किया और उसे घेरकर फायरिंग कर दी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना में घायल अनमोल का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं सूचना मिलते ही ज्वाइंट कमिश्नर Sandeep Sharma और डीसीपी Manpreet Dhillon मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।