भारत इंफो : लुधियाना के नूरवाला रोड स्थित सरताज नगर में तड़के सुबह एक्सिस बैंक के ATM को लूटने की कोशिश की गई। बदमाश गैस कटर की मदद से ATM मशीन काट रहे थे, तभी बैंक के मुंबई हेडक्वार्टर में लगा सिक्योरिटी अलर्ट सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की आहट सुनते ही आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
कार में सवार होकर पहुंचे थे बदमाश
जानकारी के अनुसार 3 से 4 आरोपी एक कार में सवार होकर ATM लूटने पहुंचे थे। आरोपियों ने मशीन को काटकर कैश निकालने की कोशिश शुरू कर दी। इसी दौरान बैंक के सिक्योरिटी सिस्टम ने संदिग्ध गतिविधि पकड़ ली और मुंबई स्थित हेडक्वार्टर में ऑटोमैटिक अलर्ट बजने लगा।
पुलिस पहुंचते ही घबराए आरोपी
हेडक्वार्टर से तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी की आवाज सुनकर ATM के अंदर मौजूद बदमाश घबरा गए और कैश वहीं छोड़कर बाहर भागने लगे। आरोपी तुरंत अपनी कार में बैठे और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगे।
पीछा करने पर पुलिस पर चलाई गोलियां
पुलिस ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए बदमाशों की गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के बीच आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों के कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।