भारत इंफो : जालंधर में सोमवार सुबह DPS School, Mayor World School और MGN School समेत कई शिक्षण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू की गई। फिलहाल जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पुलिस की जांच जारी, बढ़ाई गई पेट्रोलिंग
एसीपी नार्थ अशोक मीणा ने बताया कि करीब 4 से 5 स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। इसके बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते द्वारा स्कूलों की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत 112 पर दें।
‘पैनिक करने की जरूरत नहीं’
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। एसीपी के अनुसार पहले भी इस तरह के ई-मेल आने पर FIR दर्ज की गई थी और इस बार भी जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अब तक की जांच में कोई खतरे की पुष्टि नहीं हुई है।
सरकारी इमारतें भी निशाने पर
जानकारी के अनुसार जालंधर सहित पंजाब की कुछ सरकारी इमारतों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और विभिन्न सरकारी परिसरों की भी जांच की जा रही है। ई-मेल में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए बच्चों को बचाने की चेतावनी दी गई है, साथ ही डॉ. B.R. Ambedkar की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की धमकी का भी जिक्र किया गया है।