भारत इंफो : पेट्रोलियम मंत्रालय ने 14.2 किलो वाले घरेलू LPG गैस सिलेंडर में सिर्फ 10 किलो गैस भरने की खबरों को पूरी तरह अफवाह बताया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कोई योजना नहीं है और उपभोक्ताओं को ऐसी भ्रामक खबरों से सतर्क रहने की जरूरत है।
मंत्रालय ने सप्लाई को बताया सामान्य
मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में घरेलू LPG की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों को गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है और सभी क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति जारी है। होर्मूज रूट पार कर दो टैंकर करीब 92,700 मीट्रिक टन LPG लेकर भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। इससे देश में गैस की उपलब्धता और मजबूत होने की उम्मीद है।
मीडिया रिपोर्ट्स के बाद फैली थी चर्चा
दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सरकारी तेल कंपनियां (OMCs) 14.2 किलो वाले सिलेंडर में गैस की मात्रा घटाकर 10 किलो करने की तैयारी कर रही हैं। इन खबरों के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई थी, जिसे अब मंत्रालय ने पूरी तरह खारिज कर दिया है।