भारत इंफो : राजधानी दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब लेह जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान को उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद वापस लौटना पड़ा। उड़ते विमान में चिंगारी और आग की लपटें दिखाई दी थीं, जिसके बाद एहतियात के तौर पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया गया। हालांकि विमान की लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही और सभी यात्रियों को विमान से सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
घटना पर एयरलाइन ने दी सफाई
इस घटना पर सफाई देते हुए स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली-लेह उड़ान को केवल तकनीकी गड़बड़ी के कारण वापस बुलाया गया था। एयरलाइन ने दावों के उलट स्पष्ट किया कि विमान के कॉकपिट में आग लगने जैसी कोई चेतावनी या अलार्म नहीं बजा था। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद तकनीकी टीम इसकी गहन जांच कर रही है ताकि गड़बड़ी के असली कारण का पता लगाया जा सके।
स्पाइसजेट की उड़ानों पर उठे सवाल
हवाई यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंताएं गहरा गई हैं क्योंकि स्पाइसजेट के साथ हाल के दिनों में यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले बीते 9 नवंबर को भी मुंबई से कोलकाता जा रहे एक विमान का बीच हवा में इंजन फेल हो गया था, जिसके चलते उसे इमरजैंसी स्थिति में लैंड कराना पड़ा था।