loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 14°C
Breaking News

तरनतारन लॉ कॉलेज में वारदात : छात्रा की हत्या कर छात्र ने खुद को भी उड़ाया

भारत इंफो : पंजाब के तरनतारन जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक लॉ कॉलेज के भीतर सोमवार को सरेआम गोलियां चलीं। वारदात आज यानी 9 फरवरी की है, जब क्लासरूम में लेक्चर के दौरान एक छात्र ने अपनी ही सहपाठी छात्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। छात्रा को मौत के घाट उतारने के तुरंत बाद आरोपी छात्र ने उसी पिस्तौल से खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या की घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

साथ में ही पढ़ते थे लड़का लड़की

मृतक छात्रा की पहचान 20 वर्षीय संदीप कौर के रूप में हुई है, जो इसी लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। वहीं, हमलावर की पहचान अभिराज सिंह निवासी तरनतारन के तौर पर हुई है, जो संदीप का सहपाठी था और उसके साथ ही पढ़ाई करता था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे कॉलेज कैंपस को अपनी निगरानी में ले लिया है और क्लासरूम को सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीमें मौके से साक्ष्य जुटा रही हैं ताकि वारदात के सही क्रम का पता लगाया जा सके।

परिजनों के लगाये गंभीर आरोप

इस दुखद घटना के बाद मृतक छात्रा संदीप कौर की मां ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का कहना है कि कॉलेज की ओर से उन्हें फोन पर गुमराह किया गया था। उन्हें शुरुआत में बताया गया कि कॉलेज में एक छोटा सा झगड़ा हुआ है जिसमें उनकी बेटी को मामूली चोट आई है। लेकिन जब वह बदहवास हालत में कॉलेज पहुंचीं, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि उनकी बेटी का शव खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। परिजनों ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन के रवैये पर कड़े सवाल उठाए हैं।

वारदात के पीछे ‘एकतरफा प्यार’ का शक

पुलिस की शुरुआती जांच में इस खौफनाक कदम के पीछे एकतरफा प्यार का मामला सामने आ रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वेलेंटाइन वीक के चलते बीते 8 फरवरी को आरोपी अभिराज सिंह ने छात्रा संदीप कौर को प्रपोज किया था, लेकिन संदीप ने उसके प्रस्ताव को साफ तौर पर ठुकरा दिया था। पुलिस को आशंका है कि इसी इनकार से आहत होकर और गुस्से में आकर अभिराज ने इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र कॉलेज के अंदर हथियार ले जाने में कैसे कामयाब रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *