भारत इंफो : पंजाब भर में आज से ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ की शुरुआत की गई है। इस ऑपरेशन के तहत गैंगस्टरों, नशा तस्करों और उनके नेटवर्क से जुड़े गुर्गों को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। अपराध के खिलाफ इस मुहिम के तहत राज्यभर की पुलिस सड़कों पर उतर आई है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर सर्च ऑपरेशन
ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस कार्रवाई की अगुवाई स्पेशल डीजीपी रेलवे गुरप्रीत दियो ने की। भारी पुलिस फोर्स के साथ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बैग खंगाले गए और आसपास संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की गई।
यात्रियों के बैग की जांच, डॉग स्क्वॉयड तैनात
सर्च ऑपरेशन के दौरान रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग टीमें तैनात की गईं। डॉग स्क्वॉयड की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं। पुलिस कर्मियों द्वारा प्लेटफॉर्म पर रखे बैग्स की तलाशी ली गई और यात्रियों से पूछताछ की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से यात्रियों में हड़कंप मच गया।
45 जगहों पर रेड, 50 लोग राउंडअप
इस पूरे अभियान के दौरान पुलिस कमिशनर धनप्रीत कौर और एसपी हरिंदर सिंह गिल मौके पर मौजूद रहे। एसपी गिल ने पुलिस कर्मियों को स्टेशन परिसर में सघन जांच के निर्देश दिए। मामले की जानकारी देते हुए स्पेशल डीजीपी गुरप्रीत दियो ने बताया कि आज राज्यभर में 45 स्थानों पर रेड की जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। शहर के अंदरूनी और बाहरी इलाकों में स्पेशल नाकेबंदी की गई है। इस दौरान 50 लोगों को राउंडअप किया गया है।