Wednesday, September 16, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

जालंधर में दिनदहाड़े लूट : बैंक के बाहर दंपत्ति को निशाना बना 19 लाख रुपये ले उड़े लुटेरे!

भारत इंफो : जालंधर के सबसे सुरक्षित और पॉश इलाकों में शुमार अर्बन एस्टेट फेज-2 में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। HDFC बैंक के ठीक बाहर बाइक सवार दो नकाबपोश लुटेरे एक कारोबारी दंपत्ति से 19.10 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना उस वक्त हुई जब दंपत्ति बैंक से नकदी लेकर घर की ओर लौटने की तैयारी में थे। इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था और पुलिस की गश्त पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महिला के हाथ पर किया वार
पीड़ित महिला ने बदहवास हालत में पुलिस को बताया कि वे और उनके पति विजय नगर फुटबॉल चौक स्थित बैंक से 17.10 लाख रुपये निकलवा कर आए थे, जबकि 2 लाख रुपये उनके पास घर से लाए हुए थे। कुल 19 लाख 10 हजार रुपये की यह बड़ी रकम उन्हें किसी को भुगतान के रूप में देनी थी।

जब वे अर्बन एस्टेट पहुंचे, तो उनके पति कार पार्क करने लगे और महिला बैग लेकर बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक आए और महिला के हाथ पर किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया। दर्द और झटके के कारण जैसे ही महिला की पकड़ ढीली हुई, लुटेरे बैग झपटकर तेजी से ओझल हो गए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
वारदात की सूचना मिलते ही थाना 7 के SHO बलविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बैंक से लेकर वारदात वाली जगह तक के सभी सीसीटीवी कैमरों को बारीकी से खंगाला जा रहा है ताकि लुटेरों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। आरोपियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा, हालांकि दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में गहरा रोष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *