loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 37°C
Breaking News

पंजाब में एक ही परिवार के 7 सदस्यों को रेबीज के लक्षण, PGI रेफर

भारत इंफो : लुधियाना से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के सात लोगों में रेबीज जैसे गंभीर लक्षण दिखाई दिए। सभी को तुरंत सिविल अस्पताल जगराओं लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बिना देरी किए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

साल पहले कुत्ते ने काटा था
जानकारी के अनुसार करीब एक साल पहले परिवार के एक सदस्य को कुत्ते ने काटा था। उस समय पीड़ित ने एंटी-रेबीज इंजेक्शन नहीं लगवाया। घाव भर जाने के बाद परिवार ने इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन अब पूरे परिवार में रेबीज जैसे लक्षण उभरने लगे।

हालत गंभीर होने पर PGI रेफर
सिविल अस्पताल जगराओं की एसएमओ डॉ. गुरविंदर कौर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सातों मरीजों की स्थिति नाजुक थी। इसी कारण सभी को तुरंत PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया। फिलहाल मरीजों की शुरुआती रिपोर्ट नेगेटिव आई है, हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

जगराओं में रहता है परिवार
यह परिवार जगराओं के शेरपुरा चौक के पास रहता है। परिवार में फैक्ट्री में काम करने वाला मुखिया, उसकी पत्नी, तीन बच्चे और उसकी साली के दो बच्चे शामिल हैं। साली के दोनों बच्चे पिछले एक साल से इसी परिवार के साथ रह रहे थे। जब मरीजों को अस्पताल लाया गया, तब उनके मुंह से अत्यधिक लार निकल रही थी और वे ठीक से बोल नहीं पा रहे थे, जिन्हें रेबीज के प्रमुख लक्षण माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *