भारत इंफो : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज जालंधर के दौरे पर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पीएपी परिसर में आयोजित किया गया है, जहां वह अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को वजीफा राशि के चेक वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री के दोपहर को पहुंचने की संभावना है।
यूनियन नेताओं को किया गया नजरबंद
मुख्यमंत्री के जालंधर दौरे से पहले शहर में कर्मचारी संगठनों के कुछ प्रमुख नेताओं को पुलिस ने उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया है। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि यह कार्रवाई आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन और विरोध को रोकने के लिए की गई है।
अधूरे वादों को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी
कर्मचारी नेताओं के अनुसार आम आदमी पार्टी सरकार ने सत्ता में आने से पहले कर्मचारियों से कई अहम वादे किए थे, लेकिन अब तक उन पर अमल नहीं हुआ है। इसी नाराजगी के चलते पंजाब भर की कर्मचारी यूनियनों ने यह निर्णय लिया था कि मुख्यमंत्री जहां भी कार्यक्रम करेंगे, वहां उनका शांतिपूर्ण विरोध किया जाएगा।
बाहर निकलने से रोके जाने का आरोप
कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री के जालंधर दौरे से पहले ही पुलिस ने कई यूनियन नेताओं को उनके घरों से बाहर निकलने नहीं दिया। नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के उनके अधिकार को दबाया जा रहा है।