loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

NIT जालंधर के ‘सुपर सीनियर्स’ ने बदली तीन जूनियर की किस्मत, मिला ₹1.16 करोड़ का ऑफर! पूरी कहानी जान कर आप भी करेंगे सलाम

भारत इंफो : एनआईटी (NIT) जालंधर के पूर्व छात्रों (Alumni) ने अपने संस्थान और समाज के प्रति जिम्मेदारी का एक अनूठा उदाहरण पेश किया है। केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के 2000-2004 बैच के पूर्व छात्रों ने तीन आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाया, जिसका परिणाम आज करोड़ों के पैकेज के रूप में सामने आया है।

पूर्व छात्रों ने निभाया ‘बड़े भाई’ का फर्ज

केमिकल इंजीनियरिंग (2022 बैच) के तीन छात्रों— आकाश राज, एकमजोत सिंह और शुभम यादव — के सामने अपनी शिक्षा पूरी करने के लिए वित्तीय चुनौतियां थीं। उनकी क्षमता को पहचानते हुए, साल 2000-2004 के पुराने बैच के छात्रों ने इन तीनों की स्नातक कार्यक्रम की पूरी ट्यूशन फीस भरने का जिम्मा लिया। फीस के अलावा, इन पूर्व छात्रों ने उन्हें लगातार करियर गाइडेंस और मेंटरशिप भी प्रदान की।

एकमजोत सिंह को मिला ₹1.16 करोड़ का भारी-भरकम पैकेज

पूर्व छात्रों के इस सहयोग और मार्गदर्शन का असर प्लेसमेंट के नतीजों में साफ दिखा:

• एकमजोत सिंह: हांगकांग की मल्टीनेशनल फर्म ‘फ्लो ट्रेडर्स’ (Flow Traders) में ₹1.16 करोड़ के सालाना पैकेज पर ट्रेडिंग ऑपरेशंस इंजीनियर के रूप में चयनित हुए।

• आकाश राज: दिग्गज कंपनी ‘हनीवेल’ (Honeywell) में ₹10 लाख के सालाना पैकेज पर प्लेसमेंट हासिल किया।

• शुभम यादव: ‘आईओएलसीपी (IOLCP) केमिकल्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड’ में ₹6 लाख प्रति वर्ष के पैकेज पर नियुक्त हुए।

संस्थान और छात्रों ने जताया आभार

अपनी सफलता से उत्साहित छात्रों ने संकल्प लिया है कि वे भविष्य में अन्य जरूरतमंद छात्रों की मदद कर इस कर्ज को चुकाएंगे। संस्थान के निदेशक प्रो. बिनोद कुमार कानौजिया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व छात्रों का यह जुड़ाव संस्थान की छात्र-केंद्रित संस्कृति को नई मजबूती देता है। पूर्व छात्र मामलों के अध्यक्ष डॉ. जतिंदर कुमार रतन ने इसे सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *