भारत इंफो : सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर विवाद को लेकर चंडीगढ़ में पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के बीच अहम बैठक हुई। यह मीटिंग करीब डेढ़ घंटे तक चली, जिसमें दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक समाप्त होने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बातचीत की जानकारी दी।
पानी का मसला सुलझे, फिर SYL निर्माण पर सोचेंगे: सीएम मान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब और हरियाणा के रिश्ते भाईचारे के हैं। उन्होंने कहा कि हम भाई कन्हैया जी के वारिस हैं, जिन्होंने युद्ध में दुश्मनों को भी पानी पिलाया था। हरियाणा हमारा छोटा भाई है और यह विवाद बुजुर्गों के समय से चला आ रहा है।
सीएम मान ने कहा कि अब दोनों राज्यों की कमान नई पीढ़ी के नेताओं के हाथ में है और उम्मीद है कि इस विवाद का समाधान निकलेगा। उन्होंने बताया कि अधिकारी महीने में तीन से चार बैठकें भी कर सकते हैं। पहले पानी के मुद्दे को सुलझाना जरूरी है, उसके बाद ही SYL नहर के निर्माण पर विचार किया जाएगा।
SYL पर रिपोर्ट तैयार करेंगे अधिकारी: सीएम सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को SYL से जुड़ी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री एक बार फिर बैठक कर इस मुद्दे पर आगे का निर्णय लेंगे।
सीएम सैनी ने यह भी बताया कि यह बैठक सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुई है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की मौजूदगी में भी दोनों राज्यों के बीच बातचीत हो चुकी है। अब तय किया गया है कि आगे की चर्चा अधिकारी स्तर पर होगी।