भारत इंफो : जालंधर के मकसूदां इलाके से बसंत पंचमी के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पतंग लूटते समय एक मासूम बच्चा खेत में बने गहरे गड्ढे में गिर गया, जहां पानी भरा होने के कारण उसकी डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान 9 वर्षीय शिवम के रूप में हुई है।
खेत में बने गहरे गड्ढे में गिरा बच्चा
जानकारी के अनुसार मकसूदां में सुरानुसी पेट्रोल पंप के पास एक किसान ने बरसाती पानी से फसल को बचाने के लिए अपने खेत में करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोद रखा था। दोपहर में बारिश थमने के बाद इलाके के बच्चे पतंग उड़ाने लगे। इसी दौरान पतंग लूटते हुए बच्चे खेत की ओर दौड़े, तभी शिवम अचानक गड्ढे में गिर गया।
बच्चों में मचा डर, घर लौट गए सभी
गहरे गड्ढे में शिवम को गिरता देख उसके साथ मौजूद अन्य बच्चे घबरा गए। डर के कारण किसी ने शोर नहीं मचाया और सभी बच्चे अपने-अपने घर लौट गए। इस वजह से शिवम को समय पर मदद नहीं मिल सकी।
जब शिवम देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और रात करीब 8 बजे खेत में बने गड्ढे से शिवम का शव बरामद किया।
किसान पर लापरवाही के आरोप
मृतक बच्चे के परिजनों ने खेत मालिक किसान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि निजी लाभ के लिए बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खेत में गहरा गड्ढा खोदा गया, जिसकी वजह से उनके बच्चे की जान चली गई। परिजनों ने प्रशासन से किसान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं थाना एक की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।