भारत इंफो : जालंधर में लगातार हो रही बारिश के बावजूद पुलिस की ओर से बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में देहात क्षेत्र के अलावलपुर रोड पर गांव डोला के पास पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई।
कॉलेज प्रधानगी विवाद से जुड़ा मामला
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि 19 दिसंबर को किशनगढ़ चौक स्थित बरिस्ता कैफे के पास St. Soldier College की प्रधानगी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस दौरान पेट्रोल पंप के बाहर तीन कारों में सवार युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
गुप्त सूचना पर हुई घेराबंदी
इस मामले में पहले ही एक आरोपी लक्की को एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं मुख्य आरोपी और फरार शूटर भुलत्थ निवासी लवप्रीत उर्फ लवी की तलाश जारी थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अलावलपुर इलाके में घूम रहा है।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
आदमपुर के डीएसपी की अगुवाई में पुलिस टीम ने आज सुबह करीब 9:15 बजे आरोपी को जगरावां साइड रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से चली दो गोलियां आरोपी को लगीं, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि लवप्रीत उर्फ लवी के खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़े के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल भी बरामद की है।