भारत इंफो : पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने के लिए तैयार है। एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ों पर पहुंच गया है, जबकि दो उसके पीछे आ रहे हैं। इस मौसमी बदलाव के कारण मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार की रात और बुधवार को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। हालांकि सुबह राज्य के अधिकांश हिस्सों में धुंध नहीं थी जिससे लोगों को शीतलहर से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन यह शांति आने वाले बड़े बदलाव का संकेत है।
इन 7 जिलों में कोहरे का साया
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार राज्य के सात प्रमुख जिलों में घने कोहरे का प्रभाव देखने को मिलेगा। अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और संगरूर में रात के समय विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है। सोमवार को भी अमृतसर और बठिंडा जैसे इलाकों में दृश्यता प्रभावित रही थी जहां अमृतसर में शीतलहर के साथ शून्य डिग्री और बठिंडा में केवल 80 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई थी। फिलहाल इन इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है लेकिन नमी बढ़ने के कारण धुंध गहरा सकती है।
बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
उत्तर पाकिस्तान के ऊपर बना वेस्टर्न डिस्टरबेंस अब उत्तरी पंजाब के इलाकों में अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर चुका है। मौसम प्रणाली की ऊंचाई के कारण आने वाले दिनों में स्थिति और बदलेगी। 21 जनवरी की रात से एक नया डिस्टरबेंस उत्तर-पश्चिम भारत में प्रवेश करेगा जिसका सीधा असर पंजाब पर पड़ेगा। वीरवार से राज्य में तेज हवाओं और बिजली की कड़क के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। यह सिलसिला रुक-रुक कर सप्ताह के अंत तक जारी रह सकता है जिससे सूखे मौसम से राहत मिलेगी।
22 से लेकर 24 तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक 22 और 24 जनवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 23 तारीख को बारिश का दायरा बढ़ेगा और राज्य के अधिकांश इलाकों में बादल बरसेंगे। तापमान की बात करें तो अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष गिरावट या बढ़ोतरी नहीं देखी जाएगी। हालांकि बारिश का दौर थमने के बाद 25 जनवरी के आसपास न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आने की उम्मीद है जिससे ठिठुरन कम होगी।